जसवां-परागपुर : गरली परागपुर में निर्मित होगा गोल्फ कोर्स, विकास को लगेंगे पंख
विनायक ठाकुर। जसवां-परागपुर
विश्व के पहले धरोहर गांव गरली-परागपुर में सुखु सरकार द्वारा नक्की खड्ड के साथ लगती 27 एकड़ सरकारी भूमि चिह्नित की है। बताते चलें कि इस जमीन पर सरकार पर्यटन दृष्टि से गोल्फ कोर्स बनाने जा रही है। इस जमीन का सर्वेक्षण करने के लिए नाल देहरा गोल्फ कोर्स के विशेषज्ञों की टीम पिछले हफ्ते इस स्थान का दौरा कर चुकी है। इसे सर्वेक्षण टीम ने स्थान को पूरे तरीके से गोल्फ कोर्स निर्माण के लिए सही बताया है। बताते चलें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु द्वारा कांगड़ा जिला को पर्यटन दृष्टि से विकसित करने की बात कहीं थी, जिस पर अब सरकार अमली जामा पहनाते हुए भी नजर आ रही है। सुक्खू सरकार द्वारा वनखंडी में एक बड़ा चिड़ियाघर खोलने की कवायद की है। वहीं, अब इसी बीच धरोहर गांव गरली परागपुर में भी इसी क्रम में अब गोल्फ कोर्स खोलने की तैयारी में है।
पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विनय धीमान ने बताया कि गरली-परागपुर गांव की नक्की खड्ड के साथ लगती 10.75 हेक्टेयर जमीन पर गोल्फ कोर्स बनेगा। जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत गरली में गोल्फ मैदान तैयार हो जाने के बाद यहां विश्व भर के खिलाड़ी व खेल प्रेमी आएंगे, जिससे हेरिटेज विलेज गरली-प्रागपुर का पर्यटन व्यवसाय तो बढ़ेगा ही। अभी जयपुर, जम्मू, कश्मीर व दिल्ली आदि में गोल्फ के लिए विश्वभर से चार्टर्ड विमान आते हैं यहां भी आएंगे। एसडीएम देहरा संकल्प गौतम ने बताया कि गोल्फ कोर्स के लिए नक्की खड्ड के समीप जगह चिन्हित की गई है, जिसका सर्वेक्षण नालदेहरा गोल्फ कोर्स के विशेषज्ञों ने किया है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।
