रामपुर के दूरदराज क्षेत्रों में आपदा प्रभावितों की सुध ले सरकार-प्रशासन: कौल नेगी

कहा- बहुत ही दयनीय स्थिति में हैं आपदा पीड़ित, त्वरित मदद प्रदान की जाए
रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे कौल सिंह ने रामपुर बुशैहर के अंतर्गत 15/20 क्षेत्र की दूरदराज आपदा प्रभावित पंचायत लबाना सदाना के तहत विभिन्न गावों में मौके पर जाकर भारी बरसात एवं प्राकृतिक आपदा के चलते हुए भारी नुकसान का जायजा लिया। वे ग्राम पंचायत लबाना सदाना के कोट गांव में प्रभावितों से मिले और उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि भारी बरसात के कारण इस गांव में लगभग 5 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं और गांव में अन्य कई घरों में दरारें पड़ी हैं। खतरे को देखते हुए बेघर हुए पीड़ितों को दूसरे स्थान पर रहना पड़ा रहा है। यहां पर लोगों के बाग-बगीचे सहित अन्य सभी फसलों को बहुत नुकसान हुआ है। बिजली व पानी की दिक्क़तों से लोग खासे परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि इस गांव की स्थिति बहुत ही दयनीय है। गांव के लोग दहशत में जी रहे हैं। कई घरों के ऊपर पहाड़ी के कभी भी दरकने का डर लोगों को सता रहा है। वहीं घरों के नीचे से पानी रिस रहा है। लोगों के पास राशन की भी कमी है। उन्होंने कहा कि कोट गांव के आपदा प्रभावित लोगों की सुध लेने इस गांव में न तो अभी सरकार आई और न ही प्रशासन के लोग। बस औपचारिकता पूरी करने के नाम पर ग्रामीणों को सड़क में बुलाकर फौरी राहत के नाम पर मात्र 5-7 परिवारों को तिरपाल दिए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन दूरदराज क्षेत्रों में आपदा पीड़ितों की मदद के नाम पर केवल खाना पूर्ति करने का काम कर रही है, जोकि नाकाफी हैं। यहां के लोग सरकार एवं प्रशासन से बेहद खफा है। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों को इस विपदा की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि वे पीड़ितों के दुख-दर्द और उनकी समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।
उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से मांग कि है कि इन आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए और एक बार प्रशासन को इस गांव में जरूर आना चाहिए तभी वे यहां की वस्तुस्थिति से अवगत हो पाएंगे। इसके साथ ही इन परिवारों के राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई लाए और प्रभावितों को तत्काल फौरी राहत व नुकसान का जल्द आकलन कर उचित मुआवजा राशि दे। पीड़ितों को समय रहते अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए और राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जाए।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश चौहान,पंचायत समिति उपाध्यक्ष रूपेश्वर सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल रामपुर अध्यक्ष गोपाल बंसल, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल महामंत्री रामपुर अशोक कुमार, ग्राम केंद्र अध्यक्ष शिव टोलटा, प्रेम टोलटा, मनोज टोलटा आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।