सोलन : सरकार ने आधारभूत सुविधाओं के सृजन से सभी वर्गों का कल्याण बनाया सुनिश्चित-सुरेश भारद्वाज
कंडाघाट में 2.24 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं के किए लोकार्पण एवं शिलान्यास
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन
शहरी विकास, नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने 04 वर्ष के कार्यकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण तथा आधारभूत सुविधाओं के सृजन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित बनाया है। सुरेश भारद्वाज आज सोलन जिला के कंडाघाट में नगर पंचायत कंडाघाट द्वारा लगभग 2.24 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के उपरान्त उपस्थित जनसभा के सम्बोधित कर रहे थे। शहरी विकास मंत्री ने 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित नगर पंचायत कंडाघाट के कार्यालय का लोकार्पण किया। उन्होंने नगर पंचायत कंडाघाट के वार्ड-3 में 9 लाख रुपए की लागत से पड़ाव मैदान (ओपन पार्किंग) को पक्का करने के, वार्ड-5 में राज-राजेश्वरी मंदिर के 9 लाख रुपए की लागत से किए गए सौन्दर्यीकरण कार्य, वार्ड-5 स्थित हनुमान मंदिर में 7 लाख की लागत से निर्मित शिशु पार्क, वार्ड-5 में प्राथमिक पाठशाला से दीपक ठाकुर के आवास तक 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग तथा वार्ड-7 में 9 लाख रुपए की लागत से निर्मित चनौली मार्ग का लोकार्पण किया। सुरेश भारद्वाज ने नगर पंचायत कंडाघाट क्षेत्र में 1.25 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली कार पार्किंग के प्रथम चरण की आधारशिला भी रखी।
विधि मंत्री ने सप्तम नवरात्र के पावन अवसर पर त्रिपुर सुंदरी राज-राजेश्वरी ललिता माता के मंदिर में शीश नवाया और सभी की सुख-समृद्धि एवं स्वास्थ्य की कामना की। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सभी नगर निकायों को अपनी आय बढ़ाने की दिशा में सत्त प्रयास करने चाहिएं। उन्होंने इस अवसर पर नगर पंचायत कंडाघाट को कूड़ा-कचरा प्रबंधन के लिए एक वाहन उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप ने क्षेत्र में हुए विकास का श्रेय भाजपा सरकार को दिया। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, नगर पंचायत कंडाघाट की अध्यक्ष गीता देवी, उपाध्यक्ष मुनीष सूद, नगर पंचायत के पार्षद गण, नगर निगम सोलन की पार्षद मीरा आनंद, रजनी, सुषमा शर्मा, रेखा साहनी, सीमा, संजीव मोहन, प्रियंका अग्रवाल, बघाट बैंक के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, भाजपा उपाध्यक्ष चन्द्रकांत शर्मा, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, नगर निगम सोलन के आयुक्त राजीव कुमार, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डाॅ. विकास सूद, खंड विकास अधिकारी कण्डाघाट मयन्क शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
