हमीरपुर : विभिन्न मुद्दों को लेकर नवीन शर्मा ने निकाली जन चेतना यात्रा
** बोले, हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ किया जा रहा सौतेला व्यवहार
** कांग्रेस सरकार को बने 14 महीने बीते, एक गारंटी भी नहीं हुई पूरी
हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के पूर्व प्रदेश समन्वयक व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवीन शर्मा ने आज पंचायत प्रतिनिधियों व जनता के साथ विभिन्न मुद्दों को लेकर जन चेतना यात्रा निकली। इसे 107 वर्षीय बुजुर्ग सविति देवी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पदयात्रा मसियाना से शुरू होकर जंगल रोपा, बाड़ी फरनोहल, लिंगवीं, खटवीं, धनेड, ललीन, सेर बलौनी होते हुए किरवीं में समाप्त हुई। जहां बिभिन्न पंचायतो व गाँव में पहुचने पर पंचायत प्रतिनिधियों व जनता द्वारा नवीन शर्मा का स्वागत किया गया और पदयात्रा में शामिल हुए।
लोगों को संबोधित करते हुए नवीन शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने चुनावों से पहले बड़ी-बड़ी घोषणायें की थीं व 10 गारंटियां सरकार बनते ही पूरा करने की बात कही थी, परंतु आज सरकार बने हुए 14 महीने हो गए हैं, अभी तक एक भी गारंटी पूरा नहीं हुई है।
यह सरकार हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ भी सौतेला व्यवहार कर रही है। भाजपा सरकार द्वारा हमीरपुर से गलोड़ सड़क के लिए 21 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, परंतु कांग्रेस सरकार आने पर इसका काम रोक दिया गया। कुढ़ार से मसियांना सड़क के लिए पूर्व भाजपा सरकार द्वारा 12 करोड़ दिए गए थे, जिसके काम अत्यंत मंद गति से हो रहा है व मसियांना धनेड सलौनी होकर आने जाने वाली चंडीगढ़ बस सेवा को बंद करके पूरे क्षेत्र की जनता के साथ भेदभाव किया है। इसके अतिरिक्त व्राहलड़ी में बनने वाले अटल आदर्श विद्यालय को भाजपा सरकार ने 5 करोड़ की राशि जारी की थी जिसे वर्तमान सरकार में निरस्त करके क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय किया गया है।
नवीन शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा खोले गए गलोड़ कॉलेज को बंद करके वर्तमान सरकार ने युवाओ के साथ दुख किया है इससे पता चलता है कि सरकार युवाओ की शिक्षा के प्रति कितनी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से सोयी हुई सरकार को जगाने का प्रयास किया जा रहा है।