हमीरपुर : उप राष्ट्रपति ने एक से श्रेष्ठ संस्था के 500वें सेंटर का किया शुभारंभ
-पत्नी डॉक्टर सुदेश धनखड़ के साथ कांगड़ी लोकनृत्य भी किया
-पांच शिक्षकों और बच्चों को लैपटॉप और स्कूल बैग किए वितरित
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज हमीरपुर जिले के दोसड़का पुलिस लाइन मैदान में एक से श्रेष्ठ संस्था के 500वें सेंटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उप राष्ट्रपति और उनकी पत्नी डॉक्टर सुदेश धनखड़ ने कलाकारों के साथ कांगड़ी लोकनृत्य भी किया। इस दौरान उप राष्ट्रपति व उनकी पत्नी को हिमाचली टोपी व चंबा का थाल देकर सम्मानित किया गया। उप राष्ट्रपति ने एक से श्रेष्ठ योजना के तहत पांच शिक्षकों और बच्चों को लैपटॉप और स्कूल बैग वितरित किए।
इससे पहले एनआईटी हमीरपुर के निकट हेलीपैड पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवा और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर व कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने हेलीपैड पर उप राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय विधायक आशीष शर्मा, संभागीय आयुक्त राखी काहलों, उप महानिरीक्षक उत्तरी रेंज अभिषेक धुल्लर, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा, एनआईटी, हमीरपुर के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
