शिमला : हारमनी ऑफ द पाइन्स बैंड प्रेरणास्रोत पुरस्कार से सम्मानित
हिमाचल पुलिस के हारमनी ऑफ द पाइन्स बैंड ने मुंबई में कलर्स टीवी के रियल्टी शो हुनरबाज में धूम मचा दी। ऐसा कर इस बैंड की टीम ने न केवल प्रदेश का नाम रोशन किया है अपितु पूरे भारत में नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर राज्यपाल आर्लेकर ने इस टीम प्रेरणास्रोत पुरस्कार से सम्मानित किया। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि समाज को संदेश देने के लिए 'हारमनी ऑफ द पाइन्स बैंड को माध्यम बनाया जा सकता है। इससे पूर्व भी बैंड के माध्यम से राज्य पुलिस बल ने नशा, कोरोना महामारी, यातायात प्रबंधन इत्यादि पर वीडियो बनाए हैं। भविष्य में भी ऐसे ही सामाजिक विषयों को लेकर इनका योगदान लिया जा सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि 'खाकी के ये जवान बहुत ही ज्यादा प्रतिभावान हैं। मुझे इन पर गर्व है। मैंने इस बैंड के वीडियो क्लिप देखे थे और गोवा से भी उन्हें इनकी शानदार परफार्मेंस को लेकर फोन आते रहे। बैंड की उपलब्धि को वे अपनी उपलब्धि मानते हैं। इस उपलब्धि के बाद निश्चित तौर पर पुलिस के प्रति लोगों का रवैया बदलने वाला है और लोक मित्र पुलिस की छवि में इससे और निखार आएगा। उन्होंने राज्य पुलिस द्वारा अब तक के सफर में किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों पर
म्यूजिकल वीडियो तैयार करने का भी आग्रह किया। उन्होंने इसके लिए पुलिस अधीक्षक संजय कुंडू के प्रयासों की भी सराहना की। वहीं पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा वर्ष 1996 में यह हारमनी ऑफ द पाइन्स बैंड अस्तित्व में आया। तब से लेकर अब तक इसने कई आयाम स्थापित किए हैं। पुलिस नेतृत्व लगातार हिमाचल प्रदेश पुलिस आर्केस्ट्रा बंैड का समर्थन करता रहा है। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सी.आई.डी एन. वेनुगोपाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लॉ एंड आर्डर अभिषेक त्रिवेदी, पूर्व पुलिस महानिदेशक आर.आर. वर्मा तथा पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।
