शिमला : राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार से मिला हाटी विकास मंच
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार से हाटी समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल शिमला में मिला, जिसमें ज़िला सिरमौर के गिरीपार के हाटी समुदाय के लाखों लोगों को जनजाति अधिकार दिलाने वाले बिल से संबंधित राज्यसभा में पेश हो रहे संशोधन विधेयक पर विस्तारपूर्वक बातचीत की गई। डॉ. सिकंदर कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिस तरह से लोकसभा से बिल परित हुआ है, उसी तरह से शीघ्र ही राज्यसभा से भी हाटी समुदाय से संबंधित जनजाति बिल पारित होगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं वे उस कार्य को करते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ कार्य कर रही है। हाटी समुदाय से संबंधित संसदीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिमाचल प्रदेश के हाटी समुदाय के लाखो लोगो को शीघ्र ही उनका हक मिलेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में सिरमौर हाटी विकास मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंगटा, मुख्य प्रवक्ता डॉ. रमेश सिंगटा, उपाध्यक्ष कपिल चौहान, महासचिव अतर सिंह तोमर, मीडिया प्रभारी अनुज शर्मा, मदन तोमर व अर्जुन सिंह आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
