अपने कार्यों से एक बार फिर हेड कांस्टेबल कमला देवी ने जीता लोगों का दिल
हेड कांस्टेबल कमला देवी ने एक बार फिर एक मानसिक रोगी को आश्रय दिला कर अपनी दरयादिली दिखाई है और क्षेत्र की जनता का दिल जीत लिया है।
ज्ञात रहे कि लॉक डाउन के दौरान भी इस महिला अधिकारी द्वारा बाहरी राज्यों से आए कामगारों को स्वयं अपने खर्चे से राशन उपलब्ध करवाया गया था जिसकी क्षेत्र में भूरि भूरि प्रशंसा हुई थी। आज फिर उन्होंने एक मानसिक रोगी 15 वर्षीय बेसहारा युवा को जंगली जानवरों व प्रचंड सर्दी से बचाया है। नाले व घासनियो में छुप कर रहने को मजबूर युवक को उन्होंने आश्रय दिलाकर आम जन के बीच पुलिस की साफ-स्वच्छ छवि व लोगों की सहयोगी छवि को उजागर किया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार पुलिस स्टेशन अर्की में कोलका ग्राम के निवासियों द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि एक 15 वर्षीय युवक जोकि मानसिक रूप से विक्षिप्त है, वह गांव की घासनियों नालों व लोगों के गौशालाओं में रात काटता है तथा किसी एक जगह स्थिर नही रहता है। इस पर डीएसपी प्रताप सिंह ने एच सी कमला देवी की अगुवाई में पंकज व रोशन लाल के साथ एक टीम का गठन किया व उस मानसिक रोगी की तलाश शुरू की। लगभग एक सप्ताह के पश्चात गत रात्रि वह युवक कोलका के नाले में झाड़ियों में छिपा पाया गया। एच सी कमला देवी व उनकी टीम के सदस्यों द्वारा उस युवा को रेस्क्यू कर पुलिस स्टेशन लाया गया। प्रातः कमला देवी ने उस युवक को नए कपड़े दिलवाए और मेडिकल करवाया। उसके बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी से सम्पर्क किया तथा सभी प्रकार की कगजाति कार्यवाही पूर्ण कर पीड़ित को स्वयं शेल्टर होम छोड़ा।
कमला देवी के इस सराहनीय कार्य को क्षेत्र में अत्यंत सराहा जा रहा है। स्थानीय संस्थाओं व लोगो का कहना है कि इस प्रकार की कर्तव्यनिष्ठ व मानवीय संवेदना के साथ कानून की रक्षक महिला अधिकारी को विभाग द्वारा सम्मानित किया जाना चाहिए।
