कुनिहार : पारनु के पूर्व प्रधान के खिलाफ 8 पंचायतों के प्रधानों व उपप्रधानों ने खोला मोर्चा
विकास खंड कुनिहार के अंतर्गत माइनिंग क्षेत्र की 8 पंचायतों मांगल, बागाकरोग, कोटलु, कशलोग, सेवड़ा चंडी, संघोई, मांगु, ग्याणा में विकास खंड कुनिहार द्वारा ओपन जिम स्थापित किए गए हैं। पारनु पंचायत के पूर्व प्रधान द्वारा जिम में लगाए गए उपकरणों की गुणवत्ता को लेकर विभाग पर आरोप लगाए हैं। पूर्व प्रधान के इन आरोपों के खिलाफ इन 8 पंचायतों के प्रधानों व उपप्रधानों ने मोर्चा खोल दिया है। इन्होंने प्रधान/उपप्रधान परिषद अध्यक्ष विकास खंड कुनिहार रूप सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में पूर्व प्रधान खिलाफ खंड विकास अधिकारी कुनिहार तारा शर्मा को शिकायत पत्र दिया है व विभाग से पूर्व प्रधान पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीँ, खंड विकास अधिकारी तारा शर्मा ने भी इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने मीडिया को बताया कि माइनिग फंड के तहत इन 8 पंचायतों में लगे ओपन जिम के लिए निविदाओं के माध्यम से ही कार्य किया गया था। कुछ जगह उपकरणों के ठीक ढंग से लगने से पूर्व ही बच्चों द्वारा प्रयोग करना शुरू कर दिया था, जिसकी वजह से वे थोड़ा सा हिल-ढुल गए थे, जिन्हें विभाग दुरुस्त करवा रहा है।
