देश में कोरोना का कहर, 24 घंटे में आए 2 लाख 73 हज़ार से अधिक मामले, 1619 संक्रमितों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में कोरोना के 2 लाख 73 हज़ार से अधिक मामले सामने आए हैं और 1619 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। कोरोना महामारी की दूसरी लहर बेहद खतरनाक रूप से बढ़ रही है। पहली बार एक दिन में इतने ज़्यादा लोगों की मौत हुई है। इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ 50 लाख 61 हज़ार को पार कर गया है। इनमें से 1 करोड़ 26 लाख 53 हज़ार से ज़्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर गिरकर 86 फीसद पर आ गई है।
वंही, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हालात बेहद चिंताजनक है। इनमें महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात शामिल हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक देश भर में कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक कुल 26 करोड़ 78 लाख 94 हज़ार 549 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इनमें रविवार को किए गए 13 लाख 56 हज़ार 133 नमूनों की जांच भी शामिल है।