कोरोना कहर : 24 घंटे में आए 2,95,041 नए मामले, 2023 कोरोना संक्रमितों की मौत
कोरोना वायरस की दूसरी लहर घातक साबित होती जा रही है, हर दिन के साथ सर्वाधिक मौतों का रिकॉर्ड बना रही है। पिछले 24 घंटे में 2,95,041 नए मामले सामने आए, 2023 संक्रमितों की मौत हो गई। पहली बार देश में एक दिन में दो हज़ार से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इसी के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है। इसी के साथ महामारी से मरने वाले कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,82,570 हो गई है, जबकि अब तक कुल संक्रमित हुए लोगों की संख्या 1,56,09,004 है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 21,50,119 पर पहुंच गई। यह कुल संक्रमितों की संख्या का 13.8 फीसदी है। 77 फीसदी मौतें केवल आठ राज्यों में हुई हैं। देश में 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 519 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद दिल्ली में 277, छत्तीसगढ़ में 191, यूपी में 162, गुजरात 121, कर्नाटक में 149, पंजाब में 60 और मध्य प्रदेश में 77 लोगों की मौत हुई।
वहीं, संक्रमण के 60 फीसदी मामले छह राज्यों में मिले हैं। इस दौरान महाराष्ट्र में सर्वाधिक 62,097 नए संक्रमित मिले। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 29574, दिल्ली में 28395, कर्नाटक में 21794, केरल में 19577 और छत्तीसगढ़ में 15625 नए कोरोना मरीज मिले। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि कोरोना की दूसरी लहर तूफान बनकर आई है। हालांकि उन्होंने राज्यों को यह भी सलाह दी कि कोरोना से मुकाबले के लिए लॉकडाउन का इस्तेमाल अंतिम विकल्प के रूप में किया जाए। राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की संभावना को खारिज किया और राज्यों को भी इससे बचने की सलाह दी।