अस्पताल में भर्ती हुए अक्षय कुमार, फिल्म के 45 जूनियर आर्टिस्ट्स भी कोरोना पॉजिटिव
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे हैं। उन्होंने रविवार सुबह खुद के इस खतरनाक वायरस से संक्रमित होने के बारे में बताया था। अब खबर है कि अक्षय कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभिनेता को मुंबई के पवई स्थित हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं अक्षय कुमार ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बारे में बताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक नोट साझा किया था। इस नोट में उन्होंने बताया है कि रविवार को वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। साथ ही अभिनेता ने अपने करीबियों को भी कोरोना की जांच करवाने की अपील की जो बीते कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए थे।
अक्षय के अलावा उनकी अपकमिंग फिल्म राम सेतु के 45 जूनियर आर्टिस्ट्स भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉइज के जेनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे ने कहा- 'राम सेतु की टीम पूरी सावधानी बरत रही है। यह बदकिस्मती है कि जूनियर आर्टिस्ट्स एसोसिएशन के 45 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे सभी क्वारनटीन में हैं'।