दिल्ली में कोरोना के डरावने आंकड़े, ढाई महीने बाद सबसे ज्यादा मौतें ,24 घंटे में सामने आए 1,819 नए केस
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने बुधवार को जो आंकड़े दिखाए, वो डराने वाले हैं। बीते 24 घंटे में यहां 1,819 नए मामले सामने आए और 11 मरीजों की जान गई। ढाई महीने बाद ये मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा था। इससे पहले 13 जनवरी को भी 11 मरीजों की ही मौत हुई थी। इस तरह दिल्ली में अब कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11,027 हो गई है। कोरोना के मामले बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री अरविेंद केजरीवाल ने दिल्ली अस्पतालों में बेड बढ़ाने के आदेश दे दिए हैं।
कोरोना के मामले जितनी तेजी से बढ़ रहे हैं, उतनी तेजी से लोग इससे ठीक नहीं हो रहे हैं। यही वजह है कि अब एक्टिव केसेस की संख्या फिर से भड़ने लगी है। बुधवार तक दिल्ली में एक्टिव केसेस की संख्या बढ़कर 8,838 हो गई। 21 दिसंबर के बाद ये सबसे ज्यादा है। पिछले साल 21 दिसंबर को दिल्ली में एक्टिव केस की 9,255 थी। एक तरफ जहां एक्टिव केस बढ़ रहे हैं, दूसरी तरफ रिकवरी रेट कम हो रहा है। रिकवरी रेट अब घटकर 97% पर आ गया है। वहीं डेथ रेट 1.66% पर पहुंच गया है। इसके अलावा एक बात ये भी डराने वाली है कि दिल्ली में कंटेंमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 2,009 हो गई है। अब तक दिल्ली में 6,62,430 मामले आ चुके हैं जबकि 6,42,565 लोग ठीक हो चुके हैं।