उत्तर प्रदेश में भी कोरोना का कहर जारी, अब सीएम योगी आदित्यनाथ निकले कोरोना पॉजिटिव
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि शुरुआती लक्षण दिखने पर उन्होंने कोविड की जांच करवाई और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और वे चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहे है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। इस बीच जो लोग भी उनके संपर्क में आएं हैं वह अपनी जांच अवश्य करा लें और एहतियात बरतें। बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री के करीबी अफसरों मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल, विशेष सचिव अमित कुमार सिंह, ओएसडी अभिषेक कौशिक के अलावा एक निजी सचिव व एक निजी सहायक में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद को आइसोलेट कर लिया था।
संक्रमण के मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच जाने से शासन में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री के साथ रहने वाले तीन अफसरों के साथ निजी सचिव जयशंकर व निजी सहायक प्रताप के संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर उनके सरकारी आवास तक सतर्कता बरती जा रही है। शासन व सरकार में बेहद अहम जिम्मेदारी निभाने वाले कई अन्य अफसर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें कि बुधवार सुबह ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कोरोना की चपेट में आए हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी और अब खुद को उन्होंने आइसोलेट कर लिया है। अखिलेश यादव हाल ही में कुंभ का दौरा करके भी लौटे थे।