केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 9 राज्यों में डेंगू के नियंत्रण और प्रबंधन के लिए भेजी हाई लेवल टीम
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 9 राज्यों में डेंगू के नियंत्रण और प्रबंधन के लिए हाई लेवल टीम भेजी है। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश हरियाणा, केरल, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर हैं। ये हाई लेवल टीम राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पब्लिक हेल्थ में मदद करेंगी। इसी महीने 1 नवंबर को दिल्ली में डेंगू की स्थिति पर समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य मंत्रालय को उन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मदद करने का निर्देश दिया जहां डेंगू के मामले अधिक हैं। देश भर में फिलहाल कुल 1,16,991 डेंगू के मामले रिपोर्ट हुए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले साल की इसी अवधि के दौरान मामलों की संख्या की तुलना में अक्टूबर में कुछ राज्यों में काफी ज्यादा मामले दर्ज किए गए है। वहीं इसी साल में कुल 15 राज्य और संघ राज्य क्षेत्र अपने अधिकतम मामलों की रिपोर्ट कर रहे हैं। 31अक्टूबर तक देश के कुल डेंगू मामलों में इन राज्यों का योगदान 86 फीसदी है। इसे देखते हुए NVBDCP, NCDC और क्षेत्रीय कार्यालयों के विशेषज्ञों वाली केंद्रीय टीमों को उन 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भेजा गया है, जो सितंबर की तुलना में अक्टूबर में अधिक मामले दर्ज कर रहे हैं।