कैबिनेट के फैसले :हिमाचल में रखे जाएंगे 2600 ग्रेस्ट टीचर्स
**स्टेट कार्डर की जगह डिस्ट्रिक्ट कार्डर पर पटवारियों के 900 पद भरने को मिली मंजूरी
**लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने के प्रस्ताव को भी मिली मंजूरी
हिमाचल कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में इंडस्ट्री मिनिस्टर हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह शामिल नहीं हुए। बैठक में कई महत्व पूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
बैठक के बाद जानकारी देते हुए राजस्व व बागवानी मंत्री जगत नेगी ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में पटवारियों की भर्ती स्टेट कार्डर की जगह डिस्ट्रिक्ट कार्डर पर करीब 900 पद भरने की मंजूरी दी गई है। शिक्षा विभाग में गेस्ट फैकल्टी के आधार पर 2600 शिक्षकों की भर्ती को भी कैबिनेट में मंजूरी दी गई है। हिमाचल प्रदेश में फिल्म पॉलिसी के लिए फिल्म डेवल्पमेंट काउंसिल के गठन को मंजूरी दी गई है। सोशल मीडिया, न्यूज वेब पोर्टल, वेबसाइट के नीति बनाने को भी मंजूरी मिल गई है।
कैबिनेट ने लड़कियों की शादी की उम्र 18 से 21 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसे केंद्र को भेजा जाएगा। वहीं, मिड-डे मील वर्कर को मातृत्व अवकाश मिलेगा। उन्होंने बताया कि एकल महिलाओं के लिए एकल नारी आवास योजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें घर बनाने के लिए डेढ़ लाख की राशि दी जाएगी। नई शिक्षा नीति के तहत बच्चे की पहली क्लास में एडमिशन के लिए 6 महीने की छूट देने को मंजूरी दी गई है। मिड-डे मील वर्कर महिलाओं के मेटरनिटी लीव बढ़ाने को भी कैबिनेट में मंजूरी दी गई है।
लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग में भरे जाएंगे इतने पद
मंत्रिमंडल ने लोक निर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 40 पद और कनिष्ठ तकनीशियन (वर्क इंस्पेक्टर) के 25 पद, जल शक्ति विभाग में वर्क इंस्पेक्टर के 20 पद, राजस्व प्रशिक्षण संस्थान जोगिंद्रनगर, जिला मंडी में विभिन्न श्रेणियों के 7 पद तथा सैनिक कल्याण विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 5 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में हमीरपुर जिला में 50 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल सुजानपुर को 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने तथा यहां पर विभिन्न श्रेणियों के 35 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।