हिमाचल सरकार ने प्रमोट किए चार आईएएस अधिकारी
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने चार आईएएस अधिकारियों को प्रमोट किया है। आईएएस ओंकार शर्मा और अनुराधा ठाकुर अतिरिक्त मुख्य सचिव बन गए हैं। 1994 कैडर के इन दोनों अधिकारियों को आईएएस में 30 वर्ष की सेवा पूरी करने पर पदोन्नति दी गई है। बतौर आईएएस 25 साल पूरे करने पर डॉ. अमनदीप गर्ग और पुष्पेंद्र राजपूत को प्रधान सचिव बनाया गया है। अनुराधा ठाकुर और पुष्पेंद्र राजपूत अभी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, ऐसे में इन दोनों अधिकारियों को परफार्मा आधार पर पदोन्नति दी गई है। हिमाचल प्रदेश में लौटने के बाद इन्हें पदोन्नत पदनाम दिए जाएंगे। बुधवार को कार्मिक विभाग की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा और अनुराधा ठाकुर को पे मैट्रिक्स का लेवल 17 का ऐपक्स स्केल 2,25,000 रुपये मिलेगा। डॉ. अमनदीप गर्ग और पुष्पेंद्र राजपूत को सुपर टाइम स्केल ऑफ आईएएस लेवल 15 का पे मैट्रिक्स मिलेगा। ओंकार शर्मा के पास अभी राजस्व, जल शक्ति और जनजातीय विकास विभाग का जिम्मा है। अनुराधा ठाकुर भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में कार्यरत हैं। यह दोनों अधिकारी 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। डॉ. अमनदीप गर्ग और पुष्पेंद्र राजपूत 1999 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। डॉ. गर्ग के पास कार्मिक और वन विभाग का जिम्मा है। पुष्पेंद्र राजपूत संघ लोकसेवा आयोग नई दिल्ली में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
