उखड़ती हुई सांसो को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ऑक्सीजन बैंक : अंकुश दत्त शर्मा
बीमारी ग्रस्त लोगों की उभरती हुई सांसो को बचाने में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा उपलब्ध करवाया जा रहा है ऑक्सीजन बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह ऑक्सीजन बैंक एक-दो या सौ-दो सौ नहीं बल्कि पूरे 700 बेड के लिए पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित करने में सक्षम होगा। हमीरपुर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने यह बात कही है। उन्होंने ऑक्सीजन बैंक की सुविधा उपलब्ध करवाने जा रहे केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट अफेयर राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का जिला भाजपा व हमीरपुर जिला की जनता की तरफ से धन्यवाद व्यक्त किया है।
जिला मीडिया प्रभारी ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दृष्टि से दूरदर्शी सोच रखते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कुछ वर्ष पूर्व सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा योजना का शुभारंभ किया था । इस योजना ने कोरोना से पहले भी और कोरोना के दौरान भी लोगों को राहत पहुंचाने में बेहतरीन कार्य किया है, जिसके लिए भी केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री बधाई के पात्र हैं । उन्होंने कहा कि हमीरपुर स्वास्थ्य विभाग की आवश्यकता के अनुसार अनुराग सिंह ठाकुर ने ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन मास्क, ऑक्सीजन रेगुलेटर और ऑक्सीजन प्लांट जिला में उपलब्ध करवाए हैं । ऑक्सीजन प्लांट बड़ी जल्दी ही जरूरतमंद रोगियों को ऑक्सीजन की सप्लाई देना शुरू कर देगा, इसके लिए भी उन्होंने हमीरपुर की जनता की तरफ से केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि एक तरफ तो बीजेपी का प्रत्येक कार्यकर्ता , सम्पूर्ण संगठन एवं प्रदेश व केंद्र की सरकारें कोरोना काल में जनमानस की सेवा के लिए, जीवन बचाने के लिए और प्रभावितों की मदद करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के लोग भाजपा को कोस कर जनता में हीरो बनने की नाकामयाब कोशिश कर रहे हैं । दुष्प्रचार कर व लोगों को भ्रमित कर जनता के हीरो बनने के मंसूबे में कांग्रेस पार्टी कभी कामयाब नहीं होगी , क्योंकि कांग्रेस का झूठा चरित्र जनता के सामने पहले ही बेनकाब है । वैक्सीनेशन का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी आज वैक्सीनेशन की उपलब्धता का रोना रो रही है जबकि हकीकत तो यह है कि विश्व में सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान हमारे देश में चला हुआ है, प्रदेश में भी युवाओं व वृद्ध जनों को वैक्सीनेशन उपलब्ध करवाई जा रही है।
