सोलन : ग्राम पंचायत दाड़वां में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए ‘रिकाॅगनिशन ऑफ़ प्रिऑरलर्निंग’ कार्यक्रम आयोजित
हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के सौजन्य से आज धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत दाड़वां में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 2 दिवसीय ‘रिकाॅगनिशन ऑफ़ प्रिऑरलर्निंग’ कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रधान रमेश चंद ने किया। 2 दिवसीय इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आहार योजना के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भोजन की स्वच्छता एवं रखरखाव तथा गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए आवश्यक संतुलित आहार के बारे में बताया जाएगा। कार्यक्रम में कृष्णगढ़, दाड़वां एवं गोयला की 57 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला संयोजक नरेन्द्र त्यागी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वाॅकमैन इण्डिया प्राईवेट लिमिटिड द्वारा सोलन जिला के विभिन्न विकास खण्डों में कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के उपरान्त प्रशिक्षणार्थियों को ‘कौशल प्रमाण पत्र’ प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर सीडीपीओ धर्मपुर की पर्यवेक्षक कमलेश कुमारी, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के रवीन्द्र कुमार, वाॅकमैन इंण्डिया प्राईवेट लिमिटिड के प्रतिनिधि आकाश गुप्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
