हिमाचल: कल शिमला में थमे रहेंगे प्राइवेट बसों के पहिये
-चालक-परिचालक यूनियन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
-प्रशासन के तेल का न्यूनतम रिजर्व बनाए रखने के आदेश
हिट एंड रन कानून में संशोधन के विरोध में राजधानी शिमला में 3 जनवरी यानी कल निजी बसें नहीं चलेंगी। निजी बस चालक-परिचालक यूनियन ने उपायुक्त शिमला को ज्ञापन सौंपकर बुधवार को बस सेवा बंद करने की सूचना दे दी है।
निजी बस चालक-परिचालक यूनियन के प्रदेश महासचिव अखिल गुप्ता ने बताया कि हिट एंड रन कानून में किए गए संशोधन के खिलाफ निजी बसों का संचालन बंद करने का निर्णय लिया है। उधर, एचआरटीसी ने भी एहतियातन मंडलीय प्रबंधकों को डीजल को किफायत से खर्च करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। तेल की बचत के लिए आज से निगम के बस रूट क्लब किए जा सकते हैं।
उधर, जिला दंडाधिकारी मंडी अरिंदम चौधरी ने ट्रक चालकों की हड़ताल के मद्देनजर जिले के पेट्रोल पंप ऑपरेटरों को आपातकालीन आवश्यकताओं के लिए पेट्रोल-डीजल का न्यूनतम रिजर्व बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
