शिमला में 12वीं में असफल छात्र ने की खु*द*कुशी, मानसिक तनाव में था युवक
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक दुखद मामला सामने आया है। अन्नाडेल के ठाकुर बाग क्षेत्र में 12वीं कक्षा में असफल रहने के बाद एक छात्र ने खुदकुशी कर ली।
मृतक की पहचान निखिलेष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परीक्षा परिणाम आने के बाद से मानसिक तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं का परिणाम घोषित किया था। उसी दिन शाम को यह घटना हुई। पुलिस को 112 हेल्पलाइन के जरिए सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छात्र को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मृतक के पिता ने बताया कि वह परीक्षा में असफल होने के कारण काफी परेशान था। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की है और गवाहों के बयान भी दर्ज किए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
