'टीबी मुक्त भारत' अभियान के तहत सांसद और दिल्ली पुलिस के बीच खेला गया मैत्री क्रिकेट मैच
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा टीबी के बारे में जागरूकता बढ़ाने और “टीबी मुक्त भारत – टीबी हारेगा, देश जीतेगा” की पहल के अंतर्गत रविवार को दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में सांसदों और दिल्ली पुलिस अधिकारियों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। सांसदों की टीम की कमान अनुराग सिंह ठाकुर ने संभाली, जबकि दिल्ली पुलिस की टीम की कप्तानी कमिश्नर सतीश गोलचा ने की। कड़े और रोमांचक मुकाबले में दिल्ली पुलिस की टीम ने सांसदों की टीम को 12 रनों से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली पुलिस की टीम ने 20 ओवर में 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में अनुराग सिंह ठाकुर की शानदार 52 रनों की पारी के बावजूद सांसदों की टीम 212 रन पर सिमट गई। इस मैत्री क्रिकेट मैच का सजीव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया गया।
मैत्री क्रिकेट मैच के बारे में बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “मैं सभी सांसदों और पुलिस अधिकारियों का आभार प्रकट करता हूं कि हम टीबी जागरूकता के लिए ‘टीबी मुक्त क्रिकेट मैच’ खेल रहे हैं। टीबी मुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। यह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें हर साल लाखों लोगों की जान जाती है। हम इसे लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और पहले भी भारत के कई शहरों में ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ पहल के अंतर्गत क्रिकेट मैच खेल चुके हैं।” उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए हम देश के कोने-कोने में जाकर ऐसे मैच खेलेंगे और जनता को टीबी के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ मैच खेलना एक शानदार अनुभव रहा। दोनों टीमों को मिलाकर 400 से अधिक रन बने, जो इस मैच के उत्साह का प्रमाण है। उन्होंने कहा, “हम भले ही मैच हार गए हों, लेकिन जिस उद्देश्य से इसका आयोजन किया गया था, वह सफल रहा। इसी तरह हम भारत से टीबी को हराने में सफल होंगे।” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत की संसद 140 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करती है और जनप्रतिनिधियों के अनुभव का लाभ समाज को मिलना चाहिए।
मैच के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए बीसीसीआई उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच इस क्रिकेट मैच के आयोजन के पीछे अनुराग सिंह ठाकुर की सोच काफी दूरदर्शी और प्रभावी है, जिसका वे अभिनंदन करते हैं। वहीं सीसीआई के अध्यक्ष व वरिष्ठ सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अनुराग ठाकुर हर बार इस तरह के मैच का आयोजन करते हैं और इसका मुख्य उद्देश्य यही संदेश देना होता है कि हमें देश से टीबी को समाप्त करना है। हार-जीत एक तरफ है, लेकिन देश को टीबी मुक्त बनाना ही असली लक्ष्य है।
