बघाट बैंक का एक और डिफाल्टर गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस
बघाट बैंक सोलन से 3 करोड़ 49 लाख रुपए का लोन लेने वाली फर्म के गारंटर विनोद कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सहायक रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसायटी सोलन की अदालत ने आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। विनोद कुमार पर आरोप है कि उन्होंने लोन की राशि का भुगतान नहीं किया था, जिसके चलते फर्म को डिफाल्टर घोषित किया गया था। पुलिस ने विनोद कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया हैं। इस मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आरोपियों ने खुद ही कोर्ट में सरेंडर किया है। विनोद कुमार फर्म का गारंटर था उसे कोर्ट के समक्ष पेश होने के लिए बार-बार नोटिस भेजे गए था, लेकिन वह नोटिसों की अनदेखी कर रहा था। ऐसे में कलेक्टर-सह-सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां सोलन न्यायालय द्वारा इसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
शनिवार 1 नवंबर 2025 को उक्त मामले में संलिप्त आरोपी विनोद कुमार निवासी गांव मठिया डाकखाना सलोगडा तहसील और जिला सोलन हिमाचल प्रदेश के पुलिस थाना सदर सोलन की टीम द्वारा घलुत गांव से गिरफ्तार करके सहायक पंजीयक सभाएं सोलन के कोर्ट में पेश किया किया गया। सोलन पुलिस ने आदेश की अनुपालना करते हुए सोलन जिले के रहने वाले 9 डिफाल्टरों में से अभी तक 4 डिफाल्टरों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया है। वहीं, एक आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा 13 आरोपी शिमला और सिरमौर जिले के रहने वाले हैं। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए प्राप्त गिरफ्तारी वारंटों को सम्बंधित जिले की पुलिस को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
