बिलासपुर में होटल पर रेड, 15.85 ग्राम चिट्टा बरामद- 5 आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना बिलासपुर की टीम ने लखनपुर स्थित एक निजी होटल में छापेमारी कर तीन युवकों और दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 15.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल बालाजी के कमरा नंबर 205 में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से कमरे में मौजूद आरोपियों में हड़कंप मच गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद पांचों आरोपियों को काबू किया और उनके पास से 15.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरभा (जिला ऊना), धीरज कुमार (ऊना), अनुज संधु उर्फ अक्षु (बिलासपुर), अंजली शर्मा (शिमला) और पूजा (किन्नौर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी न केवल नशे का सेवन कर रहे थे, बल्कि इसे स्थानीय स्तर पर बेचने की भी योजना बना रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
