मुख्यमंत्री सुक्खू सुख भंजन, छीन रहे हैं जनता के सुखः सुधीर शर्मा
( words)
आगामी चुनावों को लेकर भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार को गति प्रदान करते हुए सोमवार को धर्मशाला के 5 जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया। भाजपा पदाधिकारियों ने भाजपा की नीतियों को जनहितेषी बताते हुए जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। सुबह करीब 11 बजे टंग में भाजपा के जनसंपर्क अभियान में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगणा रनौत व कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम के पश्चात कंगणा रनौत जिला चंबा की मंडी संसदीय क्षेत्र में शामिल विधानसभा के दौरे के लिए रवाना हो गई। धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा व कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज ने करीब साढे़ 12 बजे चैतडू स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई और आगामी चुनावों को लेकर जरूरी दिशानिर्देश दिए। दोपहर 2 बजे श्यामनगर में जनसभा में भाग लेकर केंद्र की मोदी सरकार के शानदार 10 साल के कार्यकाल से लोगों को अवगत करवाया। साढ़े 4 बजे भाजपा पदाधिकारियों ने खन्यारा स्थित इंद्रू नाग भागवान का आर्शीवाद लिया। शाम करीब 6 बजे भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. विशाल नेहरिया के निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश को विश्व मानचित्र में अनूठी पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश का नेतृत्व करने वाले हैं। इस मौके पर धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में देश प्रगति पथ पर अग्रसर है। कांगड़ा-चंबा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज ने कहा कि भाजपा हिमाचल में चारों संसदीय सीटें जीतेगी और साथ ही उप-चुनाव में भी भाजपा की बहुमत से जीत होगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू सुख भंजन, छीन रहे हैं जनता के सुखः सुधीर शर्मा
भगवान हनुमान को हम दुख भंजन कहते हैं जो सभी दुखों को हर लेते हैं लेकिन प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू सुख भंजन हैं जो जनता के सारे सुखों को हरते जा रहे हैं। यह तंज धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कसा। टंग में आयोजित जन संपर्क कार्यक्रम के दौरान सुधीर शर्मा ने कहा कि 4 जून को जनता को दुखी करने वाली सुख भंजन सरकार नहीं रहेगी। सुख भंजन सरकार में जो विकास कार्य थम गए हैं, उन्हें फिर आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में ऐसे मुख्यमंत्री आए जो 15 महीने में ही 6 अपनी पार्टी और 3 निर्दलीय विधायकों का विश्वास खो बैठे। जिन गारंटियों पर सरकार बनी थी उनमें से किसी भी गारंटी पर कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रति जनता में आक्रोश है और जनता उन्हें आगामी चुनावों में इस आक्रोश से रूबरू करवाएगी। वर्तमान में कांग्रेस सरकार सिर्फ मुख्यमंत्री के मित्रों की मंडली बन कर रह गई और मंत्री एवं विधायक दुखी हैं। जनप्रतिनिधियों के उपर अपनी मित्र मंडली बिठा कर उन्हें अपमानिक करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुख भंजन सरकार के आखिरी दिन आ गए हैं।