हिमाचल में 5 मार्च तक मौसम शुष्क, चम्बा-स्पीति में इस दिन बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार शाम को मौसम ने फिर करवट बदली है। अटल टनल रोहतांग क्षेत्र सहित पांगी और भरमौर की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को ताजा बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने पालमपुर और आसपास के कई जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की है। इसके अलावा चंबा जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति व किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। पांच मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 28 से 5 फरवरी तक मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी शिमला समेत अधिकांश मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में उछाल देखने को मिलेगा, जिससे दिन के समय गर्मी का अनुभव होगा। वहीं IMD ने 2-3 मार्च के आसपास लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चम्बा के कुछ ऊंचे भागों में हल्की बर्फबारी या बूंदाबादी के आसार बन सकते है। हालांकि, किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार कर गया है, जबकि राजधानी शिमला में 17.5 डिग्री रहा है। जानकारी के अनुसार राज्य के कुल्लू और लाहौल घाटी के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने फिर करवट बदली है। शुक्रवार शाम से अटल टनल रोहतांग सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी शुरू हुई और इससे इन क्षेत्रों में पारा फिर से गिर गया है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
राज्य के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.6, ताबो में माइनस 2.4, कल्पा में 0.6 डिग्री रहा है। इसके अलावा शिमला व सुंदरनगर में 8.5-8.5, भुंतर में 7.6, धर्मशाला में 10.2, ऊना में 10.6, नाहन में 11.3, पालमपुर में 9, सोलन में 6.8, मनाली में 3.5, कांगड़ा में 10.4, मंडी में 9.4, बिलासपुर में 11.5, जुब्बड़हटटी में 9.2, सेओबाग में 5.3, बरठी में 8.6, पांवटा साहिब में 13, सराहन में 6.3, देहरा गोपीपुर में 13, नेरी में 15 डिग्री रहा है।
