राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने किया राष्ट्रीय शूलिनी मेले का समापन, बोले- हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है शूलिनी मेला
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने रविवार को सोलन में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं। राज्यपाल ने जिला प्रशासन और शूलिनी मेला समिति को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शूलिनी मेला केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने और पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने राज्यपाल को सम्मानित किया। राज्यपाल ने सोलन रेडक्रॉस सोसायटी के नव-नामित आजीवन सदस्यों को बैज प्रदान किए और मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने शूलिनी मेले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व पर आधारित स्मारिका का भी विमोचन किया तथा स्थानीय कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
इससे पहले राज्यपाल ने सोलन के ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। समारोह में विधायक विनोद सुल्तानपुरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, रेडक्रॉस प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
