हिमाचल: आज पांच जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, जानिए कब तक मौसम खराब
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है। शिमला में सुबह 8.10 बजे कुछ देर के लिए तेज तूफान चला। वहीं सोलन के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग (IMD) ने आज पांच जिले- चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछेक स्थानों पर भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है, जबकि ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में येलो अलर्ट दिया गया है।
IMD के मुताबिक- राज्य में अगले छह दिन तक बारिश के आसार हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। इस दौरान कई भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कल ज्यादा सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। कल कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट है।
30 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। एक मई को भी ज्यादातर भागों में मौसम खराब रहेगा। 2 मई को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा, मगर तीन मई को फिर से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं।
राज्य के कई हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति पनपने लगी है। मैदानी इलाकों में दिन के समय लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ऊना, कांगड़ा और कुल्लू जिले के भुंतर में तीन दिन से हीटवेव महसूस हो रही है। ऐसे में बारिश के बाद अगले सप्ताह गर्मी से राहत मिलेगी।
