हिमाचल कांग्रेस सरकार की विफलता से देवभूमि बन रही अपराध भूमि: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ती अपराध की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की विफल नीतियों के कारण प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि शांत माने जाने वाले हिमाचल में आज अपराध और अप्रिय घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राज्य में आम नागरिकों के भीतर असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में राज्य में कुल 17,385 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 2024 में यह संख्या 16,393 थी, यानी अपराधों में 6 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। नशा तस्करी के मामलों में भी तेज़ इज़ाफ़ा हुआ है। 2025 में 1,967 केस दर्ज हुए, जो 2024 के 1,537 मामलों से लगभग 28 प्रतिशत अधिक हैं।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि 2025 में 363 बलात्कार के मामले दर्ज किए गए, जबकि 2024 में यह संख्या 305 थी, यानी 19.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी तरह किडनैपिंग और अपहरण के मामले 2024 के 453 से बढ़कर 2025 में 533 हो गए, जो लगभग 17.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाते हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के राज में माफिया बेखौफ हैं और प्रदेश में डर का माहौल बन रहा है। उन्होंने धर्मशाला की बेटी पल्लवी के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की कि इस मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
