हिमाचल में अगले चार दिन भीषण गर्मी का प्रकोप, इस दिन से बारिश होने की संभावना
हिमाचल प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 मई से मैदानी और निचले इलाकों में लू (हीट वेव) का असर देखा जा सकता है। विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग शिमला के अनुसार, 24 और 25 मई को प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए कोई विशेष मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इन 2 दिनों में तेज धूप और बारिश की गतिविधियों में कमी के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। मैदानी जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं और उमस लोगों को असहज कर सकती है।
26 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए हीट वेव का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। 27 मई को गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है, जब ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में लू जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
हिमाचल में 28 मई के बाद मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।
