हिमाचल में तीन दिन पड़ेगी खूब गर्मी,इस तारीख से एक्टिव होगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस
हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही धूप खिली हुई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिन खूब गर्मी पड़ेगी। 24 अप्रैल तक पहाड़ों पर धूप खिलने का पूर्वानुमान है। इससे कई शहरों के तापमान में दो से तीन डिग्री का उछाल आएगा, लेकिन गर्मी ज्यादा दिन तक परेशान नहीं करेगी।
IMD के अनुसार 24 अप्रैल की रात को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे 25 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 और 27 अप्रैल को भी अधिक ऊंचाई वाले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।
वहीं मंगलवार को ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। ऊना का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा के साथ 38.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान भी नॉर्मल से 2.9 डिग्री ज्यादा के साथ 25.4 डिग्री, सुंदरनगर का 34.3 डिग्री, भुंतर 32.0 डिग्री और धर्मशाला का 31.0 डिग्री दर्ज किया गया।
