हिमाचल: आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम, जानें अपडेट
प्रदेश में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। पहाड़ों की रानी शिमला समेत पूरे राज्य में शनिवार को मौसम बिल्कुल साफ रहा, और यह स्थिति अगले एक हफ्ते तक भी बनी रहने की उम्मीद है। मैदानी इलाकों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज हुआ। पारा चढ़ने से दिन के समय मौसम में ठंडक भी कम हुई है।
उधर, लाहौल-स्पीति की चंद्राघाटी में गोंदला के सामने लगती पहाड़ियों से मौसम साफ होते ही हिमस्खलन होना शुरू हो गया है। शनिवार को दोपहर बाद पहाड़ी से अचानक हिमस्खलन हुआ। हालांकि, इससे क्षेत्र में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 17 अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। अगले 4-5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। जबकि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
मनाली-लेह मार्ग पर वनवे वाहनों की आवाजाही जारी है। शनिवार को लेह से मनाली की तरफ वाहनों को छोड़ा गया। वहीं दारचा में फंसे करीब 300 ट्रकों में से 150 को लेह के लिए भेजा गया। 150 ट्रक दारचा में रुके हैं। गोंदला के प्रधान सूरज ठाकुर ने बताया कि गोंदला के वामतट रालिंग गांव के पास से यह हिमस्खलन हुआ है।
