हिमाचल: कल से शुरू होगा बजट सत्र, जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में BJP की बैठक आज
हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र कल यानी 18 मार्च से शुरू हो रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज विधानसभा सचिवालय की तैयारियों की जानकारी दी। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू 21 मार्च को अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। वे विधानसभा में पेश होने वाले वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारियों में जुटे हैं। सोमवार को भी सीएम ने सचिवालय में वित्त और योजना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें बजट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। यह बजट हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और प्रभावी कदम साबित होगा। बजट तैयार करते समय समाज के सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है।
वहीं बजट सत्र के लिए बीजेपी विधायक दल की बैठक आज शाम सात बजे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होगी। बैठक में बजट सत्र के दौरान आरडीजी कटौती सहित कई मसलों पर प्रदेश सरकार केंद्र सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सदन के भीतर किस तरह से इसका जवाब दिया जाना है, इसकी पूरी रणनीति बीजेपी बैठक में तैयार करेगी। विधानसभा के बजट सत्र में हंगामेदार स्थिति बनने की संभावना है। विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहा है, जबकि सरकार भी सदन में तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति बना रही है। जाहिर है राज्य पर एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है। इस बीच केंद्र ने लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की RDG भी बंद कर दी है। इससे पहले राज्य की लोन लेने की सीमा GDP के मुकाबले 5 प्रतिशत से घटाकर 3 प्रतिशत कर दी गई है। ऐसे में सीएम सुक्खू के सामने बजट भाषण में नई घोषणाएं शामिल करने और चुनावी घोषणा पत्र के वादे पूरे करने की घोषणा बड़ी चुनौती रहने वाली है।
