हिमाचल: CM सुक्खू का बड़ा ऐलान, तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा
प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रेणुका ठाकुर को बधाई देते हुए 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रेणुका ने किफायती गेंदबाजी करके विरोधी टीम पर दबाव बनाया। रेणुका ने दुनियाभर में हिमाचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने रेणुका से फोन पर बात की। बता दें कि भारतीय महिला टीम ने 52 साल में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया है। इसका जश्न पूरे देश के साथ तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर के शिमला जिला में स्थित पैतृक गांव पारसा में भी मनाया गया। रेणुका के घर पर मैच देखने जुटे लोगों ने नाटी डांस किया और पटाखे फोड़े। इस दौरान रेणुका की मां सुनीता ठाकुर भावुक हो गई। रेणुका की मां ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। बेटी ने पिता का सपना पूरा किया। रेणुका के पिता क्रिकेट के फैन थे। रेणुका मात्र 3 साल की थी, जब उनके पिता का निधन हो गया था। पिता चाहते थे कि उनके बच्चे भी क्रिकेट खेलें।
अक्टूबर 2021 में रेणुका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T-20 और फरवरी 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे से डेब्यू किया था। साल 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में रेणुका सिंह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्हें साल 2022 में ICC द्वारा 'इमर्जिंग वुमन क्रिकेटर ऑफ द ईयर' से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में रेणुका सिंह ठाकुर ने 7 मैचों में से 5 में हिस्सा लिया। रेणुका ने कुल 3 विकेट हासिल किए। रेणुका ठाकुर को ज्यादा विकेट भले नहीं मिले, लेकिन रेणुका ने सभी मैचों में किफायती गेंदबाजी की। हालांकि, फाइनल मुकाबले में रेणुका की गेंद पर दो कैच भी ड्रॉप हुए।
