हिमाचल: प्रदेश में शीतलहर का कहर, 16 जनवरी से बारिश-बर्फ़बारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। सिरमौर जिले को छोड़कर प्रदेश के 11 जिलों में शीतलहर का असर तेज हो गया है। इन जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार वीरवार रात से पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने जा रहा है। 16 से 20 जनवरी के बीच कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे जहां एक ओर सूखे का लंबा क्रम के टूटने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर ठंड और बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जिले में सुबह-शाम घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदेश में वीरवार को भी शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, राजधानी शिमला सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत जरूर मिली। धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन शाम ढलते ही ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने पर ठंड और बढ़ सकती है।
