हिमाचल: कांग्रेस जिला अध्यक्षकों की नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज, जल्द हो सकता है फैसला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। इस सिलसिले में कांग्रेस नेताओं से व्यक्तिगत रूप से राय ली जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर जिला अध्यक्षों के संभावित नामों पर चर्चा की। इसी दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मंगलवार को अचानक नई दिल्ली रवाना हुए।
विनय कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनकी केसी वेणुगोपाल से बैठक हुई, जिसमें जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा हिमाचल प्रदेश में नियुक्त सभी पर्यवेक्षकों ने भी जिला अध्यक्षों को लेकर अपनी रिपोर्ट कांग्रेस आलाकमान को सौंप दी है। इन रिपोर्टों के आधार पर कभी भी निर्णय लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। जिला अध्यक्षों के नाम तय होने के बाद ही प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। फिलहाल प्रदेश में कांग्रेस संगठन पूरी तरह भंग है और यह स्थिति एक वर्ष से अधिक समय से बनी हुई है। वर्तमान में केवल विनय कुमार ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
