हिमाचल: वेतन नहीं मिलने से रोषित HRTC कर्मी, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
आठ दिन बाद भी वेतन नहीं मिलने पर भी HRTC चालक-परिचालक रोषित हैं। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन एचआरटीसी चालक-परिचालक संघ के पदाधिकारियों ने पुराना बस अड्डा स्थित निगम मुख्यालय के बाहर प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया। चालक यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी को बंद करना है तो बंद करो, प्राइवेट को देना है तो प्राइवेट को दे दो, बस हमें हमारे हक का पैसा दे दो। उन्होंने कहा कि अगर चालक-परिचालक इन्कार कर दें तो चार्जशीट करने की धमकी दी जाती है। रूट पर बसें खराब होने पर पब्लिक चालक-परिचालकों को घेरती है। मानसिंह ठाकुर ने कहा कि निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ चालक-परिचालकों का रोष अब चरम पर है। उन्होंने कहा कि 24 दिसंबर को संघ की ओर से कड़ा फैसला लिया जाएगा और अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
