हिमाचल: मार्च की शुरुआत शुष्क मौसम के साथ, इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में इस बार फरवरी माह लगभग सूखा बीता है। मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी माह में प्रदेश में औसतन केवल 14.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि सामान्य वर्षा 101.8 मिमी रहती है। इस प्रकार पूरे प्रदेश में सामान्य से 86 प्रतिशत कम बारिश हुई। IMD के अनुसार जिला सोलन में सबसे अधिक सामान्य से 96 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सिरमौर और ऊना में 94-94 प्रतिशत, बिलासपुर में 93 प्रतिशत, कांगड़ा में 90 प्रतिशत तथा शिमला में 82 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई। फरवरी में हुई इस बड़ी कमी का असर रबी फसलों, बागवानी और पेयजल स्रोतों पर पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 मार्च से प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अगले पांच से सात दिनों तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, 4 मार्च की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके बाद मौसम में आंशिक बदलाव के संकेत हैं। अति ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान की बात करें तो प्रदेश का न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। साफ मौसम के चलते आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है।
