हिमाचल: राजीव बिंदल के भाई पर दुष्कर्म के आरोप, जानें क्या बोले CM
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल (81) को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। पेशे से वैद्य राम कुमार पर एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामला सात अक्तूबर का बताया जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी गिरफ्तार कर लिया। वहीं गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जब मेडिकल के लिए ले जाया गया तो सीने में दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। वहीं शनिवार को ओकओवर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
युवती का आरोप है कि वह वैद्य राम कुमार के पास इलाज करवाने आई थी। इस बीच, मौका पाते ही आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि 25 वर्षीय युवती ने महिला थाना में शिकायत दी है कि वह लंबे समय से बीमार है। कई जगह उपचार करवाने के बाद कोई आराम नहीं मिला तो वह 7 अक्तूबर को बीमारी का उपचार करवाने सोलन में पुराना बस अड्डा के समीप वैद्य के पास आई।
आरोपी जांच के दौरान हाथ पकड़कर नसें दबाने लगा और यौन समस्याओं के बारे में पूछने लगा। इस दौरान उसने अपनी बीमारी के बारे में बताया तो आरोपी ने आश्वासन दिया कि वह इसे ठीक कर देगा। आरोप है कि इसी बीच जांच करने के बहाने आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज करवा लिए हैं। स्टेट फॉरेंसिक लैब जुन्गा से एक टीम बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी गिरफ्तार कर लिया। महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल के भाई के मामले में एसपी सोलन से रिपोर्ट तलब की है। इसके साथ ही उन्होंने एसपी से बात कर पीड़ित लड़की के साथ न्याय के निर्देश दिए हैं।
