हिमफेड बना NCEL और BBSSL की नोडल एजेंसी, किसानों को मिलेंगे नए बाजार
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ ने राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्थाओं नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड (NCEL) और भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत हिमफेड को प्रदेश में दोनों संस्थाओं की नोडल एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि यह समझौता प्रदेश के सहकारी क्षेत्र, किसानों और बागवानों के लिए नए अवसर लेकर आएगा। इसके माध्यम से हिमाचल के कृषि एवं बागवानी उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच मिलेगी तथा किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।
समझौते के तहत प्रमाणित बीजों की उपलब्धता बढ़ाने, बीज उत्पादन एवं प्रसंस्करण को प्रोत्साहन देने, सहकारी समितियों के व्यवसाय का विस्तार करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया जाएगा। समझौता हस्ताक्षर समारोह शिमाचल प्रदेश सचिवालय में आयोजित किया गया, जिसमें सहकारिता विभाग और संबंधित संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के अनुसार यह पहल प्रदेश के सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
