HRTC कर्मचारियों को अक्टूबर वेतन के साथ मिलेगा डीए, डिप्टी सीएम ने दिए निर्देश
हिमाचल प्रदेश के HRTC कर्मचारियों को अक्टूबर महीने का वेतन नवंबर में जारी होगा उसके साथ ही डीए की किस्त भी दी जाएगी। HRTC कर्मचारियों को प्रदेश के अन्य विभागों की तर्ज पर 3 प्रतिशत डीए की किस्त जारी की गई है। हिमाचल परिवहन कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधि मंडल बीते रोज कार्यकारी अध्यक्ष समर चौहान की अध्यक्षता में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मिला। इसमें कर्मचारियों को डीए की किस्त देने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि राज्य सरकार ने दीवाली से पहले डीए की घोषणा की थी, जो कर्मचारियों को नवंबर के वेतन के साथ मिल जाएगा। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने यह मामला उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को भी पूर्व की भांति प्रदेश सरकार के कर्मचारियों के साथ ही उक्त डीए की किस्त अदा करने का आग्रह किया।
उपमुख्यमंत्री ने मांग को पूरा करने के आदेश विभाग को तुरंत जारी करते हुए कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को भी 3 प्रतिशत डीए की किस्त अन्य कर्मचारियों के साथ अक्टूबर माह के नवंबर में मिलने वाले वेतन में मिल जाएगी। 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक का डीए का छह माह के एरियर के रूप में कर्मचारियों को एक साथ मिलेगा, जबकि अक्टूबर महीने का पैसा नगद भुगतान होगा।
