जसवां-परागपुर: BJP किसान मोर्चा मंडल की पहली बैठक ठाकुर बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई संपन्न
भाजपा किसान मोर्चा के मंडल प्रागपुर व जसवां की पहली बैठक आज ढलियारा में विधायक एवं पूर्व मंत्री ठाकुर बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में डाडासीबा–वतवाड स्थित कृषि विभाग कार्यालय के पिछले लगभग एक साल से बंद पड़े होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने कहा कि कृषि विभाग कार्यालय के बंद होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को न तो समय पर बीज उपलब्ध हो पा रहे हैं और न ही मिट्टी की गुणवत्ता जांच से संबंधित जानकारी केंद्र से मिल पा रही है। सभी किसान पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो किसान मोर्चा संघर्ष का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया की किसानों के हितों को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा प्रत्येक बूथ से 10–10 किसान मोर्चा सदस्यों का चयन शीघ्र किया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान-हितैषी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन–जन तक पहुंचाने का लक्ष्य भी तय किया गया। किसानों को आवारा पशुओं व बंदरों से हो रही परेशानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार खरियाल, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा की प्रवक्ता आरती राणा, भाजपा मंडल प्रागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा, महामंत्री सुरेश शर्मा, सचिव सुषमा राणा सहित जिला व मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
