किन्नौर: नालिंग-2 गांव में लगी भीषण आग, दो मंजिला मकान जलकर राख
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की रूपी पंचायत के नालिंग-2 गांव में शुक्रवार सुबह दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही देर में पूरा मकान जल गया। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से घर में सो रहे एक युवक की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर हुई। बुद्ध राम नाम के व्यक्ति के घर में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे ढांचे में फैल गई। आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के समय मकान के निचले कमरे में बुद्ध राम का बेटा सुभाष सो रहा था। सुबह गांव के कुछ लोगों ने मकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और सुभाष को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग इतनी फैल चुकी थी कि उसे काबू में लाना मुश्किल हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत रूपी के प्रधान रामेश्वर नेगी ने स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है, जो नुकसान का आकलन कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत और सहायता प्रदान करने की मांग की है।
