कुनिहार: पल्स पोलियो अभियान के तहत 916 बच्चों को पिलाई गई खुराक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा रविवार, 21 दिसंबर को पूरे प्रदेश में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों ने सक्रिय सहयोग किया।
स्वास्थ्य विभाग वृत् कुनिहार में विभिन्न स्थानों पर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए कुल 10 बूथ स्थापित किए गए। इनमें सिविल अस्पताल कुनिहार सहित लोगों की सुविधा के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर बूथ लगाए गए थे। अभियान के दौरान सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों ने मिलकर अभियान को सफल बनाया।
जानकारी देते हुए हेल्थ सुपरवाइजर अरुणा शर्मा एवं डॉ. एस.के. ने बताया कि इन 10 बूथों पर 5 वर्ष तक की आयु के कुल 916 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि जो बच्चे रविवार को यह खुराक नहीं ले पाए हैं, उन्हें सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
