ऊना में STF की बड़ी कार्रवाई: कार से 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) नॉर्दन रेंज कांगड़ा ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने संतोषगढ़ क्षेत्र में एक कार से 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है, जिसे अब तक की सबसे बड़ी खेप बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई संतोषगढ़ के वार्ड नंबर 1 स्थित शिव मंदिर के पास की गई, जहां STF टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाया था।
नाकेबंदी के दौरान टाहलीवाल की ओर से आ रही एक कार (HP 20A 6570) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गुरमुख सिंह (40) निवासी बरनोह, रमन कुमार (41) निवासी समूरकलां और सर्वजीत सिंह (28) निवासी अपर देहलां के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ के अनुसार, पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे कब से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे।
