हिमाचल के कसौली में भीषण अग्निकांड, धू-धू कर जली कई दुकानें
हिमाचल प्रदेश के कसौली की हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कई दुकानें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी। शुरुआती अंदेशे के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस हादसे में करीब 12 से 14 गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग और भड़क गई। अब तक लगभग सात दुकानें पूरी तरह जल चुकी हैं। इनमें मोमोज, खिलौने, कपड़ों की दुकानें और एक कैफे शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत इसी कैफे से हुई। प्रशासन की ओर से एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह और धर्मपुर के एसएचओ मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
