प्री मानसून में ही बारिश बनने लगी संकट
**हिमाचल में दो जगह फ़्लैश फ्लड
हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून ने दस्तक दी भी नहीं और भारी बारिश से तबाही की तस्वीरें सामने आने लगी है। सोलन जिला के कुनिहार में दोपहर बाद करीब तीन बजे बादल फटने की घटना पेश आई है । महज़ थोड़ी देर हुई भयंकर बारिश के चलते गंभरपुल पर भारी मलबा आ गया। इससे कुनिहार को नालागढ़ से जोड़ने वाला हाइवे तक बंद हो गया। ये मलबा गंभरपुल में तीन दुकानों में घुस गया जिससे एक ढाबा जमींदोज हो गया। फ्लैश फ्लड में दो गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि एक व्यक्ति सहित उसका छोटा बेटा मलबे में चपेट में आ गए थे । यही नहीं आज सुबह चार बजे के करीब लाहौल स्पीति जिला के उदयपुर सब डिवीजन में बीती रात को तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आया । इससे उदयपुर-तांदी स्टेट हाइवे मधग्राम नाला के पास रात से बंद हो गया था जिसे सात घंटे बाद बहाल किया जा सका। बता दें की हिमाचल में प्री मानसून की शुरुआत हो गई है। 27 जून से मानसून भी दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। उम्मीद है इस बार प्रशासन हर परिस्थिति के लिए पहले से तैयार रहेगा।
