हिमाचल के पहाड़ों में हिमपात, बर्फबारी में फंसे सैंकड़ों पर्यटक, 6 दिन फिर मौसम खराब
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सात जिलें चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहौल स्पीति, किन्नौर और कांगड़ा के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण 150 से ज्यादा सड़कें फिसलन से बंद हो गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार- बारिश-बर्फबारी का दौर अगले 6 दिन तक जारी रहेगा। आज भी अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। हालांकि, अगले कल वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा। मगर परसों फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस स्ट्रॉन्ग होकर बरसेगा। इससे 18 से 20 मार्च तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश-बर्फबारी होगी। 21 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन हल्की बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। IMD ने अगले छह दिन के लिए किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में बर्फ देखने उमड़े देशभर के हजारों टूरिस्ट पूरी रात अटल टनल रोहतांग में फंसे रहे। ताजा बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई। इससे टूरिस्ट के लगभग एक हजार वाहन पूरी रात सड़क बहाली के इंतजार में रहे। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे के दौरान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ऊना के तापमान में सबसे ज्यादा 10.2 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 23.4 डिग्री और कसौली का 10.1 डिग्री लुढ़कने के बाद 13.3 डिग्री सेल्सियस रह गया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 5 दिन पहले सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो गया था, जो कि अब नॉर्मल से 1.3 डिग्री नीचे लुढ़क चुका है।
