सोलन: आसमानी बिजली का कहर, सपाटू मार्ग पर 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौ**त
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में रविवार तड़के उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब सोलन–सपाटू मार्ग पर देवठी के समीप आसमानी बिजली गिरने से 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में तीन भेड़ पालक बाल-बाल बच गए। सभी भेड़ पालक जिला किन्नौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब पौने चार बजे हुआ। उस समय क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। बारिश से बचाव के लिए भेड़ पालक अपने पशुओं के लिए टेंट लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी, जिसकी चपेट में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां आ गईं। बिजली गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पशु इधर-उधर बिखर गए।
इस हादसे में किन्नौर जिले के भाबा क्षेत्र के विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत और विनोद कुमार चौरा की भेड़-बकरियों को भारी नुकसान हुआ है। बताया गया है कि इन चारों भेड़ पालकों की कुल लगभग 650 भेड़-बकरियां थीं, जिनमें से 55 से अधिक की मौत हो गई है, जबकि कई पशु घायल अवस्था में हैं। घायल पशुओं के उपचार की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन नुकसान को देखते हुए भेड़ पालक गहरे सदमे में हैं। भेड़ पालकों का कहना है कि यह उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित भेड़ पालकों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस नुकसान से उबर सकें। प्रशासन की ओर से भी नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
