हिमाचल में बदला मौसम, आज भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट: गर्मी से मिलेगी राहत
हिमाचल प्रदेश में आज मौसम करवट बदलने वाला है। तीन दिन तक भीषण गर्मी के बाद आज मौसम बदला है। कांगड़ा में तड़के सुबह हल्की बारिश हुई। हमीरपुर के सुजानपुर और बड़सर में भी हल्की बूंदाबांदी हो रही है। शिमला, मंडी समेत अन्य भागों में भी सुबह से ही आसमान में बादल छाए है। इसके बाद पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे तक बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में आज (शुक्रवार) ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।
अन्य जिलों में येलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान भी चल सकता है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। प्रदेशवासियों को इससे गर्मी से छुटकारा मिलेगा।
IMD के अनुसार- आज और कल राज्य के अधिकांश भागों में बारिश के आसार है। 24 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इससे 24 व 25 को अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 26 मई से मौसम फिर साफ होगा और दोबारा गर्मी सताएगी।
